अब और तेजी से फेसबुक पर होगी शेयरिंग


सैन फ्रांसिस्को. इंटरनेट पर सूचनाओं के असीम खजाने पर रोक लगाने के लिए प्रस्तावित अमेरिकी कानून के विरोध के बीच सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने ऐसे ऐप को लॉन्च करने का ऐलान कर दिया है, जिनसे फेसबुक पर सूचनाओं का अंबार लग जाएगा। अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में संवाददाता सम्मेलन में फेसबुक के प्रोजेक्ट मैनेजर कार्ल जोग्रीन ने 60 नए 'फ्रिक्शनलेस' ऐप्स का ऐलान किया जो फेसबुक के यूजर टाइमलाइंस और टिकर्स के साथ झटपट सूचनाएं साझा कर सकते हैं।




जल्द ही फेसबुक के 60 फ्रिक्शनलेस ऐप यूजर के सामने होंगे, जिन्हें फेसबुक पर शेयर करने के लिए आपको ज़्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ेगी। फ्रिक्शनलेस ऐप का इस्तेमाल करते समय यूजर को ऐप में मौजूद सूचना को फेसबुक के साथ साझा करने के लिए कोई खास काम नहीं करना पड़ता है। आपको सिर्फ ऐप को इजाजत देनी होगी और ऐप अपने आप ही फेसबुक पर सूचनाएं साझा कर लेगा। फेसबुक के यूजर पहले भी किसी भी ऐसे ऐप से अपनी सूचना को फेसबुक पर साझा कर सकते थे, जिसकी इजाजत फेसबुक देता था। लेकिन फेसबुक के नए ऐलान के बाद सामने आने वाले फ्रिक्शनलेस ऐप्स को फेसबुक के साथ सूचनाएं साझा करने में वक्त बिल्कुल नहीं लगेगा। इसके अलावा अब यूजर को फेसबुक पर हर डेटा या एक्शन को मंजूरी देनी नहीं पड़ेगी।
Next Post Previous Post